MS Dhoni: क्रिकेट में ये कहा जाता है कि ‘जो अनहोनी को कर दे होनी, उसका नाम है महेंद्र सिंह धोनी।’ धोनी एक ऐसे क्रिकेटर हैं, जिनके फैंस भारत में तो हैं ही साथ ही साथ उनकी दीवानगी भारत के बाहर भी देखने को मिलती है। हर कोई इस क्रिकेटर की एक झलक पाने को बेकरार रहता है और वो भी तब जब ये खिलाड़ी इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह चुका है।
15 अगस्त 2020 की शाम को जब एमएस धोनी (MS Dhoni) ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिये क्रिकेट को अलविदा कहा, तो फैंस को यकीन ही नहीं हुआ। इस बात की उम्मीद भी किसी को नहीं थी लेकिन सच यही है कि सबके चहेते धोनी ऐसे ही हैं। वो जो कुछ भी करते हैं, शांत तरीके से करते हैं। टीम इंडिया को 3 ट्रॉफी जिताई कभी घमंड नहीं किया।
एमएस धोनी (MS Dhoni) की कप्तानी में भारत ने कई मैच हारे लेकिन इसके बावजूद भी सारा इल्जाम खुद के सिर ले लिया, टीम पर आंच तक नहीं आने दी। गम हो या ख़ुशी, धोनी के चेहरे पर एक शिकन तक नहीं देखी जाती थी। हालांकि, अब माही IPL में सक्रीय रूप से खेल रहे हैं लेकिन शायद ये सीजन उनका आखिरी सीजन भी हो सकता है। ज्यादा चांस हैं कि वो इस सीजन में चेन्नई के फैंस के सामने ही अपना संन्यास लें और चेपॉक में विदाई मैच खेलें।
संन्यास एक ऐसी कड़वी दवा है, जिसे ना चाहते हुए भी हर खिलाड़ी को एक ना एक दिन पीना ही पड़ता है। क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर ने भी ऐसा किया है। धोनी इंटरनेशनल क्रिकेट में कर चुके हैं लेकिन अब बारी IPL की है। वैसे, आज हम आपको उन कारणों के बारे में बताएंगे कि आखिर क्यों एमएस धोनी (MS Dhoni) को इस सीजन में संन्यास नहीं लेना चाहिए।
MS Dhoni के कारण है CSK की फैन फॉलोविंग
साल 2008 में जब IPL की शुरुआत हुई थी, तब से लेकर अब तक एमएस धोनी (MS Dhoni) ही CSK की कमान संभाले हुए हैं। 2016 और 2017 को हटा दें तो उन्होंने करीब 14 साल चेन्नई की कमान संभाली है और वो इस साल 15वें साल में CSK की कप्तानी करते दिखेंगे। 2008 की नीलामी में चेन्नई की फ्रेंचाइजी ने उन्हें उस समय के बड़े रकम 9.5 करोड़ में अपने साथ जोड़ा था और उसके बाद से तो सब इतिहास है। धोनी इस टीम को 5 बार चैंपियन बना चुके हैं।
आंकड़ों की माने तो धोनी चेन्नई के लिए 235 मैचों में कप्तानी कर चुके हैं, जिसमे से टीम को 142 मैचों में जीत मिली है। उनके जीत का प्रतिशत 60.42 का रहा है। अब अगर टीम का कप्तान ऐसा हो तो उसके प्रति लोगों की दीवानगी जरूर होगी। अगर एमएस धोनी (MS Dhoni) इस बार संन्यास ले लेते हैं, तो इसमें कोई दो राय नहीं है कि CSK की फैन फॉलोविंग में अचानक भारी गिरवाट आ जाएगी। ऐसे में माही को सोचविचार करके ही कोई कदम उठाना चाहिए।